लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने चिकित्सा जगत में एक नया इतिहास रच दिया है। संस्थान में प्रदेश का पहला हृदय प्रत्यारोपण (हार्ट ट्रांसप्लांट) सफलतापूर्वक संपन्न किया गया, जिससे यूपी अब उन चुनिंदा राज्यों की श्रेणी में शामिल हो गया है जहाँ यह जटिल सुविधा उपलब्ध है। यह उपलब्धि दिल्ली की एक ब्रेन डेड डोनर और डॉक्टरों की टीम के अटूट तालमेल से संभव हो पाई। दिल्ली निवासी डोनर के परिजनों की सहमति के बाद उनके हृदय को निजी एयर एंबुलेंस के जरिए लखनऊ लाया गया, जहाँ चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से संस्थान तक ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाकर इसे महज कुछ ही मिनटों में ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचाया गया। यह हृदय सीतापुर निवासी एक मरीज को प्रत्यारोपित किया गया है, जो लंबे समय से ‘डायलेटेड कार्डियोमायोपैथी’ नामक गंभीर बीमारी से जूझ रहा था।
संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन ने बताया कि शनिवार को दिल्ली के आरएमएल अस्पताल से डोनर मिलने की सूचना प्राप्त होते ही संस्थान की टीमें सक्रिय हो गई थीं। रविवार सुबह करीब नौ बजे शुरू हुआ यह जटिल ऑपरेशन लगभग पांच घंटे तक चला। इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में सीवीटीएस विभाग के प्रो. एसके अग्रवाल, प्रो. शांतनु पांडे, प्रो. मिलिंद होते और कार्डियोलॉजी विभाग के प्रो. आदित्य कपूर सहित एनेस्थीसिया व नर्सिंग स्टाफ की एक बड़ी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सफल प्रत्यारोपण के बाद मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर और सामान्य बनी हुई है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संस्थान को बधाई देते हुए इसे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सफलता से अब प्रदेश के मरीजों को उन्नत इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। एसजीपीजीआई की इस कामयाबी ने भविष्य में अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






