फर्जी नियुक्ति पत्र बांटकर 55 लाख ठगने वाला हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे, खुद को बताता था रेलवे डीआरएम का स्टेनो

SHARE:

सोनभद्र। नौकरी दिलाने के नाम पर भोले-भाले बेरोजगारों को फर्जी नियुक्ति पत्र और एडमिट कार्ड थमाकर लाखों की चपत लगाने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर को रायपुर पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल व क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 7:40 बजे बुढिवार पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त मनोज कुमार पाण्डेय निवासी ग्राम रायपुर को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है। मामला देवरिया के सिरवनीयां निवासी आवेदक दयानंद शर्मा की शिकायत से जुड़ा है, जिन्होंने बताया कि आरोपी और उसके साथियों ने भारतीय खाद्य निगम (FCI) में असिस्टेंट (AG-III) पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये मांगे थे और किस्तों में नकद व बैंक खाते के जरिए 8 लाख 14 हजार रुपये ऐंठ लिए। जब पीड़ित को फर्जी दस्तावेजों का शक हुआ और उसने बकाया रकम देने व अपने पैसे वापस मांगने की बात कही, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस जांच में आरोपी की ठगी का बड़ा और चौंकाने वाला जाल सामने आया है। यह शातिर अभियुक्त रायपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर (HS No. 36A) होने के साथ गुंडा व दुराचारी प्रवृत्ति का है और खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर लोगों को अपने झांसे में लेता था। पूछताछ में पता चला कि उसने रेलवे और एफसीआई में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर राजस्थान, बिहार समेत उत्तर प्रदेश के देवरिया, सोनभद्र के रायपुर और रॉबर्ट्सगंज के कई लोगों को शिकार बनाया है तथा अब तक यूपी में ही 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ रायपुर, रॉबर्ट्सगंज, देवरिया के तरकुलवा सहित अन्य स्थानों पर धोखाधड़ी, कूट रचना, गुंडा एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और बिजली चोरी से जुड़े करीब दस मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पूरे मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी के अन्य सहयोगियों और इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क की गहनता से जांच जारी है ताकि पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now