नशे के सौदागरों पर कहर बनकर टूटी पुलिस, दो लग्जरी कारों से गांजा-हेरोइन संग तीन शातिर दबोचे गए; कुल बरामदकी 32 लाख रुपए की

SHARE:

 सोनभद्र। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नशे के सौदागरों की कमर तोड़ते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को चुर्क मार्ग स्थित सहिजन शराब भट्टी के सामने चेकिंग अभियान के दौरान तीन तस्करों को दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 25 बंडलों में 25 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत करीब 12.50 लाख रुपये), 6 ग्राम हेरोइन (कीमत करीब 1.20 लाख रुपये), नशे की बिक्री के 24,200 रुपये नकद और 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल हो रही बिना नंबर प्लेट की सिल्वर होंडा सिटी और टाटा पंच कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया, जिससे कुल बरामदगी का आंकड़ा लगभग 32 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो0 उमर उर्फ बब्लु खान निवासी बहुअरा (हिन्दुआरी), अंशू गिरी उर्फ गोलू निवासी परसिया (रामगढ़) पन्नूगंज और पुष्पराज यादव उर्फ श्याम निवासी जैत रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि तीनों कोई नए खिलाड़ी नहीं बल्कि नशे और अपराध की दुनिया के पुराने व शातिर चेहरे हैं, जिनके खिलाफ रॉबर्ट्सगंज, चोपन, ओबरा और घोरावल थानों में एनडीपीएस एक्ट व गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पूरे मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में नशे के इस काले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन के संबंध में अहम सुराग मिले हैं। रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की छानबीन तेज कर दी गई है ताकि इस पूरे सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now