सोनभद्र। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद सोनभद्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए 41 स्थानों पर भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य तथा उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर भूमि पूजन व शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा व सुना गया।
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने चोपन नगर पंचायत के वार्ड नंबर-6 में निर्धारित स्थल पर भूमि पूजन व शिलान्यास करते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है और बाबा साहब ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान व न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। सदर विधायक भूपेश चौबे ने चतरा ब्लॉक के रामगढ़ गांव में शिलान्यास के दौरान कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी। वहीं घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने करमा ब्लॉक के भवानीपुर गांव में भूमि पूजन कर कहा कि भेदभाव रहित वातावरण, सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देना सभी की जिम्मेदारी है।
इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने दुद्धी तहसील के जामपानी गांव सहित विभिन्न स्थलों पर भूमि पूजन व शिलान्यास करते हुए कहा कि बाबा साहब ने वंचित व कमजोर वर्गों को अधिकारों के प्रति जागरूक कर सम्मानजनक जीवन का मार्ग दिखाया और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना सामूहिक दायित्व है। विभिन्न स्थलों पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता व बंधुता के मूल्यों को अपनाने और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
Author: Harsh Vardhan
हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।





