आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नौनिहालों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए रविवार से जिले में सघन पल्स पोलियो महाअभियान का आगाज हो गया। इस बार स्वास्थ्य विभाग ने 3,09,381 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत कोई भी बच्चा खुराक से वंचित न रह जाए, इसके लिए जिलेभर में 1,099 बूथों के साथ ट्रांजिट और मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं। ब्लॉक पीएचसी केकराही में स्थापित बूथ पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने नवजात बच्चों को पोलियो की दो-दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस मौके पर सीएमओ ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पिलाई गई पोलियो की दो बूंदें बच्चों को इससे सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अभियान के दौरान पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। बच्चा पहले कितनी भी बार पोलियो की दवा पी चुका हो, हर चरण में उसे खुराक दिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
सीएमओ ने बताया कि जिले में कुल 3,09,381 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1,099 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और सात मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। बूथ दिवस पर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। पांच दिनों तक चलने वाले अभियान के दौरान बूथ पर छूटे बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर खुराक पिलाएंगी। विभाग का प्रयास है कि पिछले चरणों की अपेक्षा इस बार अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही पोलियो की खुराक पिला दी जाए।
वहीं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 गिरधारी लाल ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए पोलियो बूथ, ट्रांजिट बूथ और घर-घर भ्रमण की व्यापक व्यवस्था की गई है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर खुराक पिलाने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि कोई बच्चा किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम से उसे पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।
इस दौरान केकराही अधीक्षक डॉ. गुरु प्रसाद मौर्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





