लखनऊ। नकली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ यूपी एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की कार्रवाई में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि नकली दवाओं की खेप केवल उत्तर प्रदेश और बिहार ही नहीं, बल्कि गुजरात से लेकर मुंबई तक सप्लाई की जा रही थी। हाल ही में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों अभिषेक सिंह, हसीन और मोनू कुमार से पूछताछ में एसटीएफ को कई ऐसे दवा तस्करों के बारे में अहम सुराग मिले हैं, जो हिमाचल प्रदेश में निर्मित नकली दवाओं को एक अलग नेटवर्क के जरिए गुजरात और मुंबई के बाजारों में खपाते थे। वहीं, इस गिरोह के मुख्य कड़ी माने जा रहे बदायूं निवासी फरार आरोपी सुनील कुमार की पांच और अवैध फैक्टरियों का पता चला है, जो रिहायशी मकानों में संचालित हो रही थीं और जहां केवल नकली दवाओं का निर्माण किया जाता था।
तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों में मोनू सीधे दवा फैक्टरियों से जुड़ा था, जबकि हसीन बिचौलिए की भूमिका निभाता था और उसके माध्यम से अभिषेक यूपी व बिहार में नकली दवाएं भेजता था। इसके अलावा हसीन का फरार भाई वसीम पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में इस सिंडिकेट का नेटवर्क संभालता था। जांच एजेंसी को मिले साक्ष्यों के मुताबिक गुजरात और मुंबई के कारोबारी सीधे फैक्टरी संचालकों व बिचौलियों के संपर्क में रहते थे और ऑनलाइन या अन्य माध्यमों से रकम भेजने के बाद हिमाचल से खेप मंगाते थे। एसटीएफ की जांच में सुनील के काम करने का अनोखा तरीका भी उजागर हुआ है, जिसके तहत वह बंद होने वाली दवा फैक्टरियों के मालिकों से संपर्क कर सस्ते दामों में उपकरण खरीद लेता था और फिर अलग-अलग स्थानों पर घरों के भीतर गुप्त रूप से फैक्टरी स्थापित कर नकली दवाओं का उत्पादन व सप्लाई शुरू कर देता था। एसटीएफ के अनुसार वर्ष 2023 में वाराणसी में दर्ज नकली दवाओं के एक मामले में भी अभिषेक सिंह और सुनील कुमार साथ में आरोपी रहे हैं, जिसमें सुनील जेल जाने के बाद जमानत पर बाहर आया था और दोनों एक ही सिंडिकेट के तहत मिलकर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाला यह काला कारोबार चला रहे थे। फिलहाल एसटीएफ की टीमें सुनील, वसीम और अन्य राज्यों से जुड़े तस्करों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





