आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कब्जे से चोरी के 6,500 रुपये बरामद
• गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से भी दर्ज है आपराधिक इतिहास
सोनभद्र । घोरावल क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की चुनौती बढ़ा रहे दो आरोपियों पर आखिरकार कानून का शिकंजा कस गया। घोरावल पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए 19 और 18 वर्षीय दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के माल में से 6,500 रुपये बरामद किए हैं। खास बात यह है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में घोरावल थाने में दर्ज दो मुकदमा से संबंधित चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम जुटी हुई थी। विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशु (19वर्ष) पुत्र राम प्रसाद निवासी ग्राम भरौली तथा लवकुश (18वर्ष) पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम सिरसाई, थाना घोरावल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के माल में से 6,500 रुपये बरामद किए हैं। दोनों मुकदमों में बरामदगी के आधार पर धारा 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अंशु के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं लवकुश के खिलाफ भी चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अतिरिक्त दोनों आरोपी मौजूदा दोनों मुकदमों में भी नामजद कार्यवाही के दायरे में हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उदय नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र प्रजापति, समर बहादुर और राहुल गोड़ शामिल रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






