आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । दिव्यांगजनों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से शादी-विवाह पुरस्कार/अनुदान योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत विवाह करने वाले पात्र दिव्यांग दंपतियों को अधिकतम 35 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। खास बात यह है कि पति-पत्नी में दोनों के दिव्यांग होने की स्थिति में अनुदान की राशि बढ़कर 35 हजार रुपये हो जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला ने जनपद के पात्र दिव्यांगजनों से योजना का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्य शुक्ला ने बताया कि निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 अथवा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में विवाह करने वाले दिव्यांगजन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत दंपति में पति के दिव्यांग होने पर 15 हजार रुपये, पत्नी के दिव्यांग होने पर 20 हजार रुपये तथा पति-पत्नी दोनों के दिव्यांग होने पर 35 हजार रुपये की पुरस्कार/अनुदान राशि दिए जाने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र दिव्यांगजन विभागीय वेबसाइट http://divyangjan.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद उसकी हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों के साथ जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन स्थित कमरा संख्या-11 में जमा करना अनिवार्य होगा।
आवेदन के लिए जरूरी अभिलेख –
आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रदर्शित करता हुआ नवीनतम संयुक्त फोटो, विवाह पंजीकरण प्रमाण-पत्र (स्वैच्छिक), दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, अधिवास/निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, पति-पत्नी की जन्मतिथि अंकित आयु प्रमाण-पत्र, संयुक्त बैंक खाता, दोनों के आधार कार्ड तथा 10 रुपये के जुडिशियल स्टाम्प पेपर पर करार विलेख प्रस्तुत करना होगा। साथ ही दंपति में कोई भी सदस्य आयकरदाता की श्रेणी में नहीं होना चाहिए।
आयु सीमा का रखना होगा ध्यान –
योजना के लिए निर्धारित आयु सीमा के अनुसार विवाह के समय युवक की उम्र 21 वर्ष से कम तथा 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं युवती की उम्र 18 वर्ष से कम और 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित पात्रता एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन कर शासन की इस आर्थिक सहायता योजना का लाभ उठाएं।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






