आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कहते हैं कि खुशियां जब दस्तक देती हैं तो कई बार उम्मीदों से कहीं ज्यादा देकर जाती हैं। कुछ ऐसा ही नजारा जनपद में देखने को मिला, जहां एक परिवार में एक साथ तीन नन्हे मेहमानों की किलकारियां गूंज उठीं। खास बात यह रही कि तीन बच्चों का जन्म सामान्य प्रसव के जरिए हुआ। एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही परिवार में खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। वहीं, यह अनोखा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, घोरावल थाना क्षेत्र के शिवद्वार गांव निवासी 26 वर्षीय नीलू पत्नी राजेश को प्रसव पीड़ा होने पर छपका स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में प्रसव कराया गया, जहां महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। तीन बच्चों के जन्म से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। परिजन इसे ईश्वर का विशेष आशीर्वाद मानकर खुशी जाहिर कर रहे हैं।
पाँचवें माह में ही मिल गई थी गर्भ में तीन बच्चों के पलने की जानकारी –
प्रसूता् नीलू के जेठ अशोक कुमार ने परिवार की खुशी जाहिर करते हुए कहा कि घर में एक साथ तीन बच्चों का आगमन किसी बड़े सौभाग्य से कम नहीं है। परिवार को एक साथ मिली इस दोहरी नहीं, बल्कि तिहरी खुशी ने सभी को भावुक कर दिया है। उन्होंने कहा कि बहू और तीनों नवजातों के स्वस्थ होने की खबर पूरे परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी है। घर में चारों ओर उत्सव जैसा माहौल है और हर कोई नन्हे मेहमानों को देखने के लिए उत्साहित है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में पांचवें माह में ही बहु के गर्भ में तीन बच्चों के पलने की जानकारी हो गई थी।
अस्पताल के डायरेक्टर पवित मौर्य ने बताया कि प्रसव की पूरी प्रक्रिया चिकित्सकीय निगरानी में संपन्न कराई गई। इसमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ0 अनुपमा मौर्य (एमबीबीएस, डीजीओ) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि जच्चा और तीनों नवजात स्वस्थ हैं। अस्पताल में एक साथ तीन बच्चों के जन्म का यह दूसरा मामला है। सामान्य तौर पर दो बच्चों के जन्म के मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन सामान्य प्रसव से तीन बच्चों का जन्म होना विशेष है।
एक ही अस्पताल में दूसरी बार गूंजीं तीन बच्चों की किलकारियां –
अस्पताल की डायरेक्टर एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ0 अनुपमा मौर्य ने बताया कि “उनके अस्पताल में एक साथ तीन बच्चों के जन्म का यह दूसरा मामला है। इससे पहले भी एक महिला ने यहां तीन बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन उस समय सिजेरियन प्रसव कराया गया था। इस बार 26 वर्षीय नीलू ने सामान्य प्रसव के जरिए तीन बच्चों को जन्म दिया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय टीम की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई और मां सहित तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं।”
तीन किलकारियों की खबर सुन अस्पताल पहुंचे लोग –
एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर जैसे ही आसपास के लोगों तक पहुंची, नवजातों को देखने के लिए अस्पताल में लोगों का तांता लगने लगा। हर कोई मां और बच्चों का हाल जानने के साथ इस अनोखे प्रसव की चर्चा करता नजर आया। वहीं, नीलू और राजेश का परिवार तीन-तीन नन्हे मेहमानों के आगमन से फूला नहीं समा रहा है।एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही परिवार में खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। वहीं, यह अनोखा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






