Sonbhadra News : ₹30 लाख गांजा के साथ दो अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । नशे के काले कारोबार पर सोनभद्र पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गांजा तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करी का नया तरीका ईजाद कर लिया था। तस्करी में इस्तेमाल होने वाली लग्जरी कार में बाकायदा गुप्त केबिन तैयार कराया गया था, जिसमें गांजे के पैकेट छिपाकर एक प्रदेश से दूसरे जिले तक नशे की खेप पहुंचाई जा रही थी लेकिन ऑपरेशन शुद्धि के तहत सक्रिय सोनभद्र पुलिस ने तस्करों के इस शातिराना खेल का पर्दाफाश करते 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजे के साथ शाहजहांपुर के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त सुजुकी सियाज कार को भी कब्जे में ले लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के क्रम में गत बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर ग्राम लोढ़ी स्थित टीवीएस गोदाम के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। कार में बनाए गए गुप्त केबिन से तीन प्लास्टिक के कट्टों में रखे गांजे के कुल 43 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 60 किलो 500 ग्राम निकला।

गुप्त केबिन में छिपी थी नशे की खेप, शाहजहांपुर तक जुड़े तस्करों के तार –

एएसपी ने आगे बताया कि पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान शाहजहाँपुर निवासी सत्यम यादव (21 वर्ष) पुत्र राजेश्वर यादव तथा सीबू अली (24 वर्ष) पुत्र सब्बन अली के रूप में हुई। शुरुआती तौर पर सामने आया कि आरोपी कार में गुप्त केबिन बनाकर गांजे की खेप छिपाते थे, ताकि सामान्य चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर से बचा जा सके। हालांकि, इस तस्करी के पीछे गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक होनी थी, यह जांच का विषय है।

30 लाख का गांजा और तस्करी की कार जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा –

पुलिस ने बरामद 60.500 किलोग्राम गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है। तस्करी में इस्तेमाल लग्जरी कार को एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत कब्जे में लिया गया। मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27/29/60/61 में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है

एसओजी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम को मिली सफलता –

अभियुक्तों की गिरफ्तारी में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा मय टीम, प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेंद्र सिंह, निरीक्षक बनारसी यादव, उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव, उमाशंकर यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, अमरजीत यादव तथा कांस्टेबल राम सिंह और हरिश्चन्द्र शामिल रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now