Sonbhadra News : शहर में जाम का झाम खत्म करने को यातायात पुलिस की नई रणनीति, ऑटो के लिए तय हुए स्टॉपेज

SHARE:

 

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• टोटो-ऑटो की बढ़ती संख्या से चरमराई शहर की यातायात व्यवस्था

• जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने बनाई नई रणनीति

सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज नगर में आए दिन लगने वाले जाम से अब लोगों को निजात दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर की सड़कों पर लगातार बढ़ रही टोटो, ई-रिक्शा और ऑटो की संख्या के बीच यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए यातायात पुलिस ने नई पहल की है। यातायात माह के शुभारंभ से ठीक पहले पुलिस ने ऑटो संचालन के लिए रूट और स्टॉपेज निर्धारित करने की व्यवस्था बनाई है। इसके तहत अलग-अलग मार्गों से आने वाले ऑटो को शहर के भीतर निर्धारित स्थानों तक ही आने की अनुमति होगी। साथ ही इन ऑटो की बाकायदा नंबरिंग भी की जाएगी, ताकि उनकी पहचान और संचालन व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा सके।

यातायात पुलिस की नई व्यवस्था के तहत शाहगंज की ओर से आने वाले ऑटो धर्मशाला पेट्रोल पंप तक, करमा और मधुपुर की ओर से आने वाले धर्मशाला चौक तक तथा रामगढ़ की तरफ से आने वाले ऑटो विजयगढ़ पेट्रोल पंप अथवा हाइडिल मैदान तक ही संचालित होंगे। वहीं ओबरा और चुर्क की ओर से आने वाले ऑटो को नवीन सब्जी मंडी के गेट नंबर-दो से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित स्टॉपेज से आगे ऑटो का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इस व्यवस्था को लेकर आज एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा सीओ यातायात सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने हाइडिल मैदान के पास ऑटो चालकों को रोककर उन्हें नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने चालकों को निर्धारित रूट और स्टॉपेज का पालन करने के साथ ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

टोटो-ऑटो की बढ़ती संख्या बनी जाम की बड़ी वजह –

गौरतलब है कि रॉबर्ट्सगंज नगर में पिछले कुछ वर्षों में टोटो, ई-रिक्शा और ऑटो की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। शहर की सड़कें पहले से ही सीमित हैं। ऐसे में मुख्य बाजार, धर्मशाला चौक, बढ़ौली चौक, रेलवे स्टेशन मार्ग और प्रमुख चौराहों पर बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले ऑटो तथा सवारी बैठाने और उतारने के लिए बीच सड़क पर रुकने वाले टोटो के कारण अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इसका खामियाजा स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम राहगीरों को भुगतना पड़ता है। कई बार थोड़ी दूरी तय करने में भी लोगों को काफी समय लग जाता है।

व्यवस्था का पालन हुआ तो मिलेगी जाम से राहत – नरेंद्र कुमार सिंह

यातायात निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि “रॉबर्ट्सगंज नगर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ऑटो के रूट और स्टॉपेज निर्धारित किए जा रहे हैं। अलग-अलग मार्गों से आने वाले ऑटो को निर्धारित स्थानों तक ही संचालन की अनुमति होगी तथा उनकी नंबरिंग भी कराई जाएगी। इससे ऑटो की पहचान और उनकी आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वाहन चालकों का सहयोग बेहद जरूरी है। सभी ऑटो चालक निर्धारित स्टॉपेज पर ही सवारी उतारें और बैठाएं तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें। वहीं शहर में सिर्फ टोटो और गोगो को चलने की अनुमति होगी। नियमों का पालन न होने की दशा में चालान और सीज की कार्यवाही भी की जाएगी।”

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now