आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी उन्मूलन की मुहिम को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से JOSH (Joint Squad for Health) टीम का शुभारंभ किया गया। नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने इस पहल का शुभारंभ किया, जिसका सीधा प्रसारण जनपद स्थित सीएमओ सभागार में भी किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, टीबी पर्यवेक्षकों, माई भारत स्वयंसेवकों एवं जनप्रतिनिधियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ0 मनसुख मांडविया, एनएचएम की अपर सचिव एवं मिशन निदेशक आराधना पटनायक सहित सांसद एवं विधायक मौजूद रहे।
जिले में स्वास्थ्य अधिकारियों ने लिया संकल्प –
सीएमओ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा, एसीएमओ डॉ0 प्रेमनाथ, डॉ0 जी0एस0 यादव, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद, जिला पंचायत राज अधिकारी नामिता शरण, माई भारत की अधिकारी स्वाति, टीबी पर्यवेक्षक एवं माई भारत स्वयंसेवक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने कार्यस्थलों से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान टीबी उन्मूलन अभियान में युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत प्रत्येक जिले में माई भारत के पांच युवा सदस्यों और पांच एनसीसी कैडेट्स को एक जिला स्तरीय प्रथम श्रेणी अधिकारी के नेतृत्व में टीम के रूप में जोड़ा जाएगा। यह टीम टीबी उन्मूलन के लिए जनजागरूकता, सहभागिता और अभियान से जुड़े प्रयासों को गति देने में सहयोग करेगी।
AI चैटबॉट ‘खुशी अवतार’ और JOSH मैगजीन लॉन्च –
कार्यक्रम में टीबी से संबंधित जागरूकता एवं संवाद को आसान बनाने के उद्देश्य से ‘खुशी अवतार’ AI चैटबॉट का भी शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही JOSH टीम की मैगजीन भी लॉन्च की गई। अधिकारियों ने इसे टीबी उन्मूलन अभियान में तकनीक और युवाओं की भागीदारी को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
सीएमओ ने दिलाई टीबी मुक्त भारत की शपथ –
कार्यक्रम के अंत में सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को टीबी उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। युवाओं और एनसीसी कैडेट्स को अभियान से जोड़ने से जनजागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ0 कीर्ति आजाद बिंद ने कहा कि टीबी की पहचान, उपचार और बचाव को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है। JOSH टीम के माध्यम से युवाओं को इस अभियान से जोड़कर समुदाय स्तर पर टीबी के प्रति जागरूकता और सहभागिता को और मजबूत किया जाएगा।






