UP NEWS: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने आठ उम्मीदवारों की चौंकाने वाली सूची जारी कर दी है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा सोमवार को घोषित प्रत्याशियों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। पार्टी ने इस बार सभी मौजूदा राज्यसभा सदस्यों के पत्ते काटते हुए बिल्कुल नए और सांगठनिक चेहरों पर दांव खेला है। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर और मतदान 16 अक्तूबर को तय है, जिसमें भाजपा ने फिलहाल आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि विपक्षी समाजवादी पार्टी की ओर से प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवाणी को पहले ही प्रत्याशी बनाया जा चुका है।
पार्टी ने अपनी प्रत्याशी सूची में जातीय व सामाजिक समीकरणों को साधने का पूरा प्रयास किया है। आठ उम्मीदवारों में तीन अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), दो ब्राह्मण, दो दलित और एक राजपूत चेहरा शामिल है। ओबीसी वर्ग से प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह (लोधी समाज), ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल और संतोष गंगवार की पुत्री श्रुति गंगवार को मौका मिला है। वहीं ब्राह्मण चेहरे के रूप में इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा और वरिष्ठ संगठनकर्ता गोपी कृष्ण पाण्डेय को उतारा गया है। दलित समाज का प्रतिनिधित्व पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर व बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत करेंगी, जबकि प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह चौहान को राजपूत समाज के प्रतिनिधि के रूप में जगह मिली है। संगठन में सक्रियता, दो महिला चेहरों की भागीदारी और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखते हुए भाजपा ने आगामी राजनीतिक रणनीतियों के तहत इन नामों पर मुहर लगाई है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






