Sonbhadra News : भूत-प्रेत की बात पर भड़का विवाद, पड़ोसी की गर्दन पर कुल्हाड़ी से किया वार, आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जुगैल थाना क्षेत्र के भरहरी गांव में भूत-प्रेत की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से हमला कर अवध लाल साकेत को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद फरार चल रहे वांछित आरोपी को जुगैल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को भरहरी गांव के टोला चकदहिया निवासी अवध लाल साकेत के पड़ोस में रहने वाला नंदलाल बैसवार कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा था। आरोप है कि भूत-प्रेत की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान नंदलाल ने जान से मारने की नीयत से अवध लाल की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के हमले में अवध लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद घायल के छोटे भाई रामजी साकेत की तहरीर पर थाना जुगैल में धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

मकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पतारसी-सुरागरसी शुरू कर दी। इसी क्रम में आज सुबह जुगैल पुलिस ने नंदलाल बैसवार पुत्र स्व0 ननकऊ बैसवार को भरहरी मुख्य मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक अशोक कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल श्याम शेर यादव, कांस्टेबल गिरजेश राजपूत, कांस्टेबल मोहित राज और महिला कांस्टेबल अंकिता सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now