आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सदर विधायक भूपेश चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन, सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना
सोनभद्र । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी जन्मभूमि वडनगर (गुजरात) से कर्मभूमि वाराणसी तक निकाली गई 50 बाइक सवारों की ‘सेवा यात्रा’ आज सोनभद्र के स्वर्ण जयंती चौक पहुंची। जहां सदर विधायक भूपेश चौबे के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रियों का फूल-मालाओं के साथ स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित एवं सफल यात्रा की मंगलकामना की। इस दौरान यात्रा इंचार्ज निकुंज ठाकुर भी मौजूद रहे।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान विधायक भूपेश चौबे ने यात्रियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि “बड़नगर से वाराणसी तक की यह यात्रा केवल एक सफर नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही समाज में एकता, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करती हैं। उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका आगे का सफर सुखद, सुरक्षित और सफल रहे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा सोनभद्र के बाद चंदौली में प्रवेश करेगी।”
स्वागत के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। स्थानीय लोगों ने भी यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत कर उनके आगामी सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विशाल पांडेय, जिला महामंत्री संतोष शुक्ला, निवर्तमान मीडिया प्रभारी अनूप तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी रजनीश रघुवंशी, राकेश सोनी, अजय श्रीवास्तव, विकास चौबे, विकास मिश्रा, आलोक रावत, वेद मिश्रा, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखने के साथ उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए मंगलकामना की।






