सोनभद्र। जिले के विकास खंड बभनी अंतर्गत आसनडीह गांव में रविवार को आयोजित भव्य जनचौपाल में जनपद के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। जनचौपाल के दौरान क्षेत्र में जर्जर सड़क, बदहाल बिजली व्यवस्था, भूमि विवाद और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। मंत्री ने मंच से ही अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौपाल में जोबेदह गांव में लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण न होने और जवाहिर खरवार द्वारा सर्वे सेटलमेंट में गलत तरीके से नाम दर्ज होने का मामला उठा, जिस पर मंत्री ने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं ग्रामीणों ने एआरओ कोर्ट ओबरा में लंबित करीब 200 फाइलों, जिनमें 50 से अधिक मामले किसानों से संबंधित हैं, के जल्द निस्तारण की पुरजोर मांग की। इसके अलावा घर में घुसकर मारपीट के मामले में पुलिसिया कार्रवाई न होने की शिकायत पर भी मंत्री ने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच का निर्देश दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, शारदा सिंह खरवार, श्रवण सिंह गोंड, मानसिंह गोंड, सुषमा सिंह गोंड और मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा समेत कई गणमान्य लोग व ग्रामीण मौजूद रहे।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






