आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । एक ओर देश 5G तकनीक और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के दौर में आगे बढ़ रहा है, वहीं सोनभद्र के सरईगढ़ गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या ग्रामीणों के लिए आज भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी समस्या का मार्मिक पक्ष सामने लाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें एक मासूम बच्ची जिलाधिकारी से गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने की अपील करती नजर आ रही है।
14 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में बच्ची हाथ जोड़कर डीएम से नेटवर्क लगवाने की अपील करती दिख रही है। वीडियो में बच्ची कह रही है कि उसके पिता बाहर रहते हैं और गांव में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण वह उनसे फोन पर बात नहीं कर पाती। मासूम की यह अपील गांव में संचार सुविधा की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
सामान्य कॉलिंग तक में परेशानी –
ग्रामीणों के अनुसार, सरईगढ़ में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते लोगों को सामान्य फोन कॉल के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नेटवर्क की कमी का असर केवल आपसी बातचीत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इंटरनेट आधारित सेवाओं, ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल कार्यों और जरूरत के समय संपर्क करने में भी दिक्कत सामने आती है।
मासूम की अपील ने खींचा ध्यान –
छह वर्षीय आनवी पटेल की भावुक अपील ने सरईगढ़ की नेटवर्क समस्या को एक संवेदनशील मुद्दे के रूप में सामने ला दिया है। बच्ची की इच्छा सिर्फ इतनी है कि वह अपने पिता से फोन पर बात कर सके। उसकी इस छोटी-सी जरूरत के लिए भी गांव में नेटवर्क का उपलब्ध होना जरूरी है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चर्चित गोंड और संबंधित दूरसंचार कंपनियों से सरईगढ़ में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति का संज्ञान लेकर आवश्यक तकनीकी व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव में मोबाइल टावर अथवा प्रभावी नेटवर्क सुविधा उपलब्ध हो जाए तो बच्चों की पढ़ाई, डिजिटल सेवाओं और जरूरी संचार व्यवस्था में काफी सहूलियत मिल सकती है।






