आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• रॉबर्ट्सगंज और चुर्क बाजार में संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, दुकानदारों को दी कानूनी प्रावधानों की जानकारी
सोनभद्र । जनपद को बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर श्रम विभाग समेत विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने रॉबर्ट्सगंज और चुर्क बाजार क्षेत्र में जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानदारों, प्रतिष्ठान संचालकों और आमजन को बाल एवं किशोर श्रम से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों को श्रम में नियोजित नहीं करने की अपील की गई।
जिलाधिकारी सोनभद्र एवं उप श्रमायुक्त, मिर्जापुर क्षेत्र के निर्देश पर चलाए गए अभियान में श्रम विभाग, एचटी, चाइल्ड हेल्पलाइन और चाइल्ड राइट्स एसोसिएट की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने बाजार क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और संचालकों को बाल एवं किशोर श्रम निषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया।
चुर्क में दो किशोर श्रमिक चिन्हित –
अभियान के दौरान चुर्क मार्केट क्षेत्र में दो किशोर बाल श्रमिकों का चिन्हांकन किया गया। टीम ने दोनों के संबंध में आवश्यक जानकारी संकलित की है। अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से चिन्हित किशोरों को शिक्षा से जोड़ने और पुनर्वासन की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों ने बताया कि बच्चों को किसी भी प्रकार के श्रम में नियोजित करना कानूनन प्रतिबंधित है। वहीं किशोर श्रमिकों के नियोजन के संबंध में भी निर्धारित कानूनी प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जा सकती है।
बाल श्रम की सूचना पर 1098 पर करें संपर्क –
संयुक्त टीम ने दुकानदारों, व्यापारियों और आमजन से अपील की कि यदि कहीं बाल श्रम की जानकारी मिलती है तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों को श्रम से मुक्त कराना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण, शिक्षा और पुनर्वासन से जोड़कर सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना भी है।
टीम ने व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों, सामाजिक संगठनों और आमजन से ‘बाल श्रम मुक्त सोनभद्र’ के लक्ष्य को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।






