यूपी में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी: भाजपा कोर कमेटी की बैठक में नामों पर माथापच्ची, स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी रेस में आगे

SHARE:

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कोटे की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी में उम्मीदवारों के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में संभावित नामों पर लंबा मंथन हुआ। भाजपा सूत्रों के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, पूर्व मंत्री सुरेश राणा और मौजूदा राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के नाम शीर्ष दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू और संजीव बालियान के नामों को लेकर भी कयासों का दौर जारी है। नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो चुकी है, हालांकि भाजपा अपने प्रत्याशियों की अंतिम सूची केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर लगने के बाद ही जारी करेगी।

पार्टी इस बार क्षेत्रीय संतुलन और जातीय समीकरणों को साधने पर विशेष ध्यान दे रही है। आगामी चुनाव के मद्देनजर भाजपा का मुख्य फोकस गैर-जाटव दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को अपने साथ जोड़े रखने पर है। इसी कड़ी में दलित चेहरों के तौर पर पूर्व सांसद प्रियंका रावत, विनोद सोनकर, रामचंद्र कनौजिया और निवर्तमान सांसद बृजलाल के नामों पर गंभीर चर्चा हुई है। वहीं ओबीसी और कुर्मी मतों को साधने के लिए प्रकाश पाल, रेखा वर्मा, दिलीप पटेल और कौशलेंद्र पटेल के नाम भी पैनल का हिस्सा बने हैं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह तथा दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक मौजूद रहे, जहां से तैयार प्राथमिक सूची अंतिम फैसले के लिए दिल्ली हाईकमान को भेजी जाएगी।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now