आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नोएडा में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सोनभद्र की महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। करमा ब्लॉक के गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह और रोजाना मॉल के बीच उत्पादों की बिक्री को लेकर एमओयू हुआ है। इससे समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को संगठित बाजार और बेहतर बिक्री नेटवर्क मिलने की उम्मीद जगी है।
ट्रेड शो में सोनभद्र के महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इनमें शुद्ध सरसों का तेल, रागी से तैयार उत्पाद और शहद लोगों और कारोबारियों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्थानीय स्तर पर तैयार इन उत्पादों को ट्रेड शो के जरिए व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
रोजाना मॉल से हुआ समझौता –
गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य मधुबाला ने बताया कि समूह की महिलाओं द्वारा तैयार शुद्ध सरसों का तेल, रागी ठोकवा और बकरी के दूध से बने साबुन की बिक्री के लिए रोजाना मॉल के साथ एमओयू किया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में उत्पादों को उपभोक्ताओं और कारोबारियों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
एमओयू के बाद समूह के उत्पादों को बड़े बाजार में पहुंचाने का रास्ता खुलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं को बाजार की नई संभावनाएं मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय उत्पादों से बढ़ेगा महिलाओं का कारोबार –
समूह की महिलाओं का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल उत्पाद तैयार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराकर आय के अवसर बढ़ाना भी है। अब तक कई उत्पादों की बिक्री स्थानीय स्तर तक सीमित थी। बड़े बाजार से जुड़ने के बाद उत्पादों की पहुंच और कारोबार का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।
इंटरनेशनल ट्रेड शो महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ-साथ कारोबारियों और बाजार से जुड़े संस्थानों से सीधे संपर्क का मंच भी बन रहा है। गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह और रोजाना मॉल के बीच हुआ एमओयू इसी दिशा में एक कदम है।






