Sonbhadra News : भगत सिंह की जयंती पर भाकपा ने लिया लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई का संकल्प

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को पटवध स्थित जिला कार्यालय पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती मनाई। जिला सचिव आर0के0 शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के विचारों, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए जनहित एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

जयंती कार्यक्रम के बाद भाकपा कार्यकर्ता जिला कार्यालय के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर पहुंचे और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग उठाई।

मतदाता सूची से पात्र नागरिकों के नाम हटाना स्वीकार नहीं –

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, मतदान के अधिकार और संविधान से जुड़ा बुनियादी प्रश्न है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाया जाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

भाकपा नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित किया जाना जरूरी है

2 अक्टूबर को बढ़ौली चौराहे पर प्रदर्शन का ऐलान –

भाकपा नेताओं ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को संयुक्त वाम दलों की ओर से सद्भावना दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता कामरेड राजेंद्र प्रसाद ने की, जबकि संचालन पार्टी के जिला सह सचिव कामरेड देव कुमार विश्वकर्मा ने किया।

इस मौके पर आर0के0 शर्मा, देव कुमार विश्वकर्मा, राजेंद्र प्रसाद, अमरनाथ, बसावन गुप्ता, अमरनाथ बिंद, चंदन प्रसाद, नागेंद्र कुमार, प्रेमचंद, गुलाब निडर, जगबंधन गोंड, रामविलास कोल, लक्ष्मण भुइयां, मंगरी देवी, फुलमती और मोहम्मद मुस्तफा समेत बड़ी संख्या में भाकपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now