लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया से चयनित 1375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र मिलते ही नवचयनित युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल सहित कई विधायक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों को ‘पंचायती विजन-2047′ के तहत हाईटेक बनाया जा रहा है और ग्राम सचिवालयों को इंटरनेट, कंप्यूटर व बिजली जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला और कहा कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार में भर्तियों के दौरान भारी वसूली हुआ करती थी, जबकि योगी सरकार में युवाओं को बिना किसी भेदभाव और रिश्वत के पूरी पारदर्शिता से नौकरी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और ऑनलाइन सेवाओं के जरिए पंचायतों ने लगभग 4.27 करोड़ रुपये की आय सृजित की है। राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी चुनावों में जनता सपा का सूपड़ा साफ करेगी और युवाओं के बल पर प्रदेश में तीसरी बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






