ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण प्रदेश के कारोबार, एमएसएमई और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच प्रदान करने में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आयोजन के शुरुआती तीन दिनों (25 से 27 सितंबर) में ही 4.74 लाख से अधिक आगंतुक ट्रेड शो में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं, जो कि वर्ष 2025 में पूरे पांच दिनों के दौरान आए कुल 5.07 लाख आगंतुकों के आंकड़े का लगभग 93.5 प्रतिशत है। इस बार अकेले तीसरे दिन ही 1,90,028 लोगों की आवाजाही दर्ज की गई, जो पहले दिन की तुलना में 45 प्रतिशत अधिक है। मेला समापन में अभी दो दिन (28 व 29 सितंबर) शेष हैं, जिससे यह पूरी तरह स्पष्ट है कि इस बार पिछले सभी तीन वर्षों के व्यापारिक और जनभागीदारी के रिकॉर्ड पूरी तरह ध्वस्त हो जाएंगे।
इस वर्ष ट्रेड शो में आमजन के साथ-साथ बी2बी (बिजनेस टू बिजनेस) यानी घरेलू खरीदारों की भागीदारी में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। शुरुआती तीन दिनों में 1,28,378 घरेलू बिजनेस खरीदार और 3,45,801 सामान्य नागरिक शो का हिस्सा बन चुके हैं। ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद), एमएसएमई, स्टार्टअप्स और निर्यातकों की रिकॉर्ड भागीदारी के चलते यह मंच स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ रहा है। उद्घाटन के समय 90 से अधिक देशों के लगभग 600 विदेशी खरीदारों की मौजूदगी दर्ज की गई थी, जिससे निर्यात प्रोत्साहन को भारी बल मिल रहा है। प्रदर्शकों और आयोजकों को उम्मीद है कि आगामी दो दिनों में विदेशी व घरेलू व्यापारिक समझौतों में एक नया इतिहास रचा जाएगा।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






