वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी में सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम ने कई अहम कदम उठाए हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में आयोजित पार्किंग प्रबंध समिति की बैठक में शहर की पार्किंग दरों को घटाने के साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा संचालन को अनुशासित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नए निर्देशों के तहत शहर में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रथम चरण में 5 प्रमुख स्थानों पर ‘पिक एंड ड्रॉप’ पॉइंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा शहर के 20 मुख्य चौराहों पर जेब्रा क्रासिंग और स्टॉप लाइन पेंटिंग कराई जाएगी ताकि पैदल यात्रियों व वाहन चालकों दोनों को सहूलियत मिल सके।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पिक एंड ड्रॉप पॉइंट पर ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को केवल सवारियां बैठाने या उतारने की ही अनुमति होगी, वाहन खड़े करने पर पाबंदी रहेगी। इस व्यवस्था के लिए इंग्लिशिया लाइन, पांडेयपुर-आजमगढ़ रोड, चौकाघाट पुल, मैदागिन, लंका और दुर्गाकुंड जैसे प्रमुख क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है, जहाँ संबंधित अधिशासी अभियंता और यातायात पुलिस समन्वय बनाकर संकेतक बोर्ड व थर्मोप्लास्ट पेंटिंग कराएंगे। इसके साथ ही निजी पार्किंग संचालकों को बड़ी राहत देते हुए नगर निगम द्वारा लिए जाने वाले शुल्क को घटा दिया गया है। अपनी भूमि पर पार्किंग चलाने वालों से लिया जाने वाला मासिक शुल्क 17 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत और दूसरे की निजी भूमि पर पार्किंग चलाने वालों के लिए 12 प्रतिशत से घटाकर 8.5 प्रतिशत कर दिया गया है।
शहर में अवैध पार्किंग संचालकों पर सख्त चेतावनी जारी करते हुए नगर आयुक्त ने बिना अनुमति चल रही पार्किंग पर सीधे कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं ऑटो यूनियनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पुराने स्टैंडों के पास शेड व शौचालय निर्माण तथा नए ऑटो स्टैंड के लिए अगले 15 दिनों में स्थल चिह्नित कर रिपोर्ट सौंपें। बैठक में लहरतारा पुल के नीचे सुंदरीकरण कराने, आईपी विजया मॉल के समीप नई पार्किंग विकसित करने और कैंट स्टेशन के सामने अव्यवस्थित ढंग से खड़े होने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने पर भी सहमति बनी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Vinod Garg
2 years experience in the field of journalism.






