Sonbhadra News : रोस्टिंग और अघोषित बिजली से नाराज ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, चतरवार सब स्टेशन पर किया प्रदर्शन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

 

सोनभद्र । चतरवार (खेवंधा) विद्युत सब स्टेशन से जुड़े ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती और बार-बार रोस्टिंग को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गोठानी, महलपुर, टापू, अगोरी खास, जुगैल, घटिहटा, गोसारी, देवखर, बड़गावा और फफरकुंड समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था के खिलाफ चतरवार सब स्टेशन पर प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। निर्धारित रोस्टिंग के अलावा भी बार-बार बिजली गुल हो जाती है। दिन हो या रात, ट्रिपिंग और कटौती के कारण लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग की इस व्यवस्था ने आम उपभोक्ताओं को बेहाल कर दिया है।

बिजली संकट ने पढ़ाई से लेकर खेती तक पर डाला असर –

लगातार बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर छात्रों, किसानों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। बिजली के अभाव में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसान समय पर खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। छोटे दुकानदार और बिजली पर निर्भर कारोबारी भी बार-बार आपूर्ति बाधित होने से परेशान हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब बिजली की जरूरत होती है, उसी समय आपूर्ति बाधित हो जाती है। कई बार घंटों इंतजार के बाद बिजली आती है और थोड़ी देर बाद फिर गुल हो जाती है। इससे लोगों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

उत्पादन के लिए पहचान रखने वाले जिले में ग्रामीणों कर रहे बिजली के लिए संघर्ष –

सयूस के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विद्युत सब स्टेशन पहुंचकर विरोध जताया। इसके बाद अवर अभियंता के माध्यम से उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, अनावश्यक कटौती और रोस्टिंग पर नियंत्रण लगाने तथा निर्धारित समय के अनुसार नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि सोनभद्र बिजली उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण जिला है, लेकिन उत्पादन क्षेत्र के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को ही नियमित बिजली आपूर्ति के लिए परेशान होना पड़े, यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर चतरवार (खेवंधा) सब स्टेशन से जुड़े सभी ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो समस्या को लेकर आगे भी आवाज उठाई जाएगी।

प्रदर्शन में राजकुमार, राजेंद्र गिरी, दिनेश सोनी, रामसजीवन, पंकज शुक्ला, श्रवण, राकेश, संजय केशरी, मुकेश पाठक, अरविंद, धीरज, रत्नेश, दिलीप, अजय, अनिल, रामेश्वर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now