बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर मांगी रिश्वत: 8 हजार रुपये जेब में रखते ही एंटी करप्शन टीम ने लिपिक को रंगे हाथ दबोचा

SHARE:

भदोही। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) मिर्जापुर की टीम ने शुक्रवार को भदोही में बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत वितरण खंड प्रथम के कार्यकारी सहायक प्रशांत कुमार सोनी को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लिपिक पिछले पांच वर्षों से इसी कार्यालय में तैनात था और मूल रूप से बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र का रहने वाला है। बिजली विभाग के कार्यालय परिसर में अचानक हुई इस अप्रत्याशित कार्रवाई से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ भदोही कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराकर कानूनी शिकंजा कसा गया है।

पूरा मामला भदोही नगर निवासी विकास कुमार गुप्ता की शिकायत से जुड़ा है। पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम को शिकायत दी थी कि उनके बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेद (परमानेंट डिस्केनेक्शन) की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में कार्यकारी सहायक प्रशांत कुमार सोनी 8,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने गोपनीयता से आरोपों का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए शुक्रवार दोपहर को जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित ने कार्यालय के समीप लिपिक को रिश्वत के आठ हजार रुपये सौंपे और उसने पैसे अपनी जेब में रखे, वैसे ही पहले से सतर्क एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा।

एंटी करप्शन टीम तुरंत आरोपी लिपिक को हिरासत में लेकर भदोही कोतवाली पहुंची, जहां उसके खिलाफ कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इस सफल ट्रैप कार्रवाई में एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, पति राम यादव, भीमशंकर मिश्रा, मुख्य आरक्षी भूपेंद्र सिंह यादव, विशाल उपाध्याय तथा आरक्षी सूरज कुमार गुप्ता समेत पूरी टीम की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है और आरोपी को अदालत के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now