Sonbhadra News : सामाजिक न्याय और आरक्षण की मांग को लेकर भीम आर्मी और आसपा ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । सामाजिक न्याय, आरक्षण और वंचित वर्गों की भागीदारी से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर संपूर्ण भागीदारी आंदोलन के तहत प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं सहित अन्य वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार, राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में उनकी जनसंख्या और आवश्यकता के अनुरूप प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उनका कहना था कि आरक्षण सामाजिक भेदभाव और अपर्याप्त प्रतिनिधित्व को दूर करने का संवैधानिक माध्यम है, इसलिए आरक्षित वर्गों के रिक्त एवं बैकलॉग पदों को शीघ्र भरा जाना चाहिए।

महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग –

ज्ञापन में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू करने तथा दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण में अलग कोटा निर्धारित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही लोकसभा और विधानसभाओं में ओबीसी को प्रभावी राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने तथा जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग रखी गई।

कार्यकर्ताओं ने उच्च न्यायपालिका में एससी, एसटी और ओबीसी का प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण लागू करने की भी मांग की।
बैकलॉग पद भरने और निजी क्षेत्र में प्रतिनिधित्व की मांग
आंदोलनकारियों ने सरकारी विभागों में लंबित बैकलॉग पदों को शीघ्र भरने के साथ ही सरकारी ठेकों और खरीद में एससी, एसटी एवं ओबीसी को आरक्षण देने की मांग की। निजी क्षेत्र में भी वंचित वर्गों के लिए उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग ज्ञापन में शामिल रही।

सफाई कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को भी आंदोलनकारियों ने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर सफाईकर्मियों की स्थायी नियुक्ति करने तथा सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई में मानव प्रवेश पूरी तरह बंद करने की मांग की।

सफाईकर्मी की मौत पर मिले ₹30 लाख मुआवजा –

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सीवर या सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान किसी कर्मी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों का निर्माण कराने तथा उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में भीम आर्मी के जिला संयोजक संदीप कुमार, जिला प्रभारी अधिवक्ता रविशंकर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल राव, विधानसभा अध्यक्षगढ़ विनोद कुमार सहित अमरेश, कमलेश, संतोष, दिनेश मास्टर, सोनू निगम, अरुण कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now