लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा विभिन्न राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारियों की नई नियुक्तियों में उत्तर प्रदेश के नेताओं का दबदबा स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य से ताल्लुक रखने वाले कई प्रमुख चेहरों पर भरोसा जताते हुए उन्हें महत्वपूर्ण राज्यों की कमान सौंपी है। इस फेरबदल में अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाकर उनका कद बढ़ाया गया है, जबकि हाल ही में राष्ट्रीय महासचिव बने हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, राज्यसभा सांसद संगीता यादव को बिहार, बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह को हरियाणा, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को हिमाचल प्रदेश और धौरहरा सांसद रेखा वर्मा को मध्य प्रदेश का सह प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा, यूपी भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल के साथ-साथ अब तेलंगाना में भी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण जिम्मा दिया गया है।
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को देखते हुए विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा के इस नए सांगठनिक विस्तार से स्पष्ट है कि पार्टी उत्तर प्रदेश के अनुभवी नेताओं के संगठनात्मक अनुभव का लाभ देश के अन्य राज्यों में उठाकर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






