सोनभद्र। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और सोन नदी के तेजी से बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बृहस्पतिवार को चोपन क्षेत्र स्थित सोन नदी के किनारे बसी बस्तियों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों शीर्ष अधिकारियों ने तटवर्ती क्षेत्रों की जमीनी स्थिति को देखा और संबंधित अधिकारियों को निचले व संवेदनशील इलाकों में सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। नदी के तेज बहाव और बढ़ते खतरे को देखते हुए तटवर्ती व आवागमन वाले रास्तों पर तत्काल बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि कोई भी नागरिक दुर्घटना का शिकार न हो। प्रशासनिक टीम ने आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव तंत्र को पूरी तरह से मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण विशेष सतर्कता बरतें, नदी तट और तेज बहाव वाले स्थानों पर न जाएं तथा बच्चों व पशुओं को भी पानी से दूर रखें। प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया है कि स्थिति पर लगातार 24 घंटे नज़र रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस औचक निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और नगर पंचायत चोपन के अधिशासी अधिकारी समेत कई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।





