सोनभद्र। विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर की पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने बृहस्पतिवार को जनपद सोनभद्र के पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का विस्तृत निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में समीक्षा बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पत्र व्यवहार, आंकिक, अपराध, अभियोजन, महिला प्रकोष्ठ, विशेष जांच, सीसीटीएनएस, सोशल मीडिया और डायल-112 सहित तमाम शाखाओं के पंजिकाओं व अभिलेखों का गहन अवलोकन कर लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के आदेश दिए। इसके बाद आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में डीआईजी ने गंभीर अपराधों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना, वांछितों व वारंटियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी, तथा महिला व बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हत्या, लूट, डकैती, गौ-तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे सनसनीखेज अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों व माफियाओं के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए धारा 14(1) के अंतर्गत संपत्ति जब्त करने की हिदायत दी। आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने संवेदनशील स्थानों व धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पैदल गश्त बढ़ाने, शांति समितियों से संवाद बनाने और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्टों पर 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा वर्षा व संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने तथा IGRS, CEIR पोर्टल व सीएम डैशबोर्ड जैसे डिजिटल माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी मौजूद रहे।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





