धूमधाम से मनाई गई भगवान महावीर जयंती; शोभायात्रा और संगोष्ठी के जरिए दिया अहिंसा का संदेश

SHARE:

  • धूमधाम से मनाई गई भगवान महावीर जयंती; शोभायात्रा और संगोष्ठी के जरिए दिया अहिंसा का संदेश

सोनभद्र।  मंगलवार को जैन समाज राबर्ट्सगंज द्वारा भगवान महावीर स्वामी जी की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई और विचार गोष्ठी का आयोजन कर भगवान महावीर के सिद्धांतों को प्रासंगिक बताया गया।

भव्य शोभायात्रा और मंगल पाठ

कार्यक्रम का शुभारंभ जैन साधना भवन से हुआ, जहाँ से गाजे-बाजे के साथ भगवान महावीर की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए पुनः जैन साधना भवन पर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम स्थल पर सबसे पहले भगवान महावीर स्वामी जी की आरती उतारी गई और मंगल पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक उपेंद्र ने कहा:

“भगवान महावीर के आदर्शों पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को संयमित और सुखमय बना सकता है। संघ की प्रतिनिधि सभा ने तय किया है कि भगवान महावीर के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार के लिए वर्ष भर विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।”

पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा  ने अपने संबोधन में कहा कि महावीर स्वामी संपूर्ण समाज के पथ प्रदर्शक हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए अहिंसा और अपरिग्रह के मार्ग को अपनाने पर जोर दिया।

वहीं, हर्ष अग्रवाल ने महावीर शब्द की व्याख्या करते हुए कहा, “जो दूसरों पर विजय प्राप्त करे वह वीर है, लेकिन जो अपनी इंद्रियों और स्वयं पर विजय प्राप्त कर ले, वही वास्तव में महावीर है।” उन्होंने बताया कि 12 वर्षों की कठिन तपस्या के बाद प्राप्त ‘केवल्य ज्ञान’ से उन्होंने भटकते समाज को जीवन जीने की नई शैली दी।

कार्यक्रम के अंत में जैन समाज के अध्यक्ष सुबोध जैन ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान महावीर किसी एक समाज के नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के विचार हैं। उन्होंने पाँच महाव्रतों के पालन की प्रेरणा देते हुए उपस्थित जनसमूह से उनके संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान किया। वहीं प्रशांत जैन ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि सभा के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, अविनाश शुक्ला, रामेश्वर जैन, धर्मराज जैन, पवन जैन, संजय जैन, संदीप जैन, सोनू जैन, काजू जैन, विजय जैन, आनंद जैन, शंकर लाल जैन, जोगीराम जैन, परमेश जैन, मोना जैन, ऋतु जैन, अंजलि जैन, उषा जैन, प्रमोद गुप्ता, आनंद मिश्रा, महेश शुक्ला, नंदलाल शुक्ला, कीर्तन सिंह और दिनेश सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में धर्मावलंबी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

Follow Us Now