वाराणसी (लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट): बेंगलुरु से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-185) में शनिवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने हवा में ही विमान का इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास किया। विमान उस समय लैंडिंग पोजीशन में रनवे से महज 500 फीट की ऊंचाई पर था। पायलट की त्वरित सूझबूझ से एक बड़ा विमान हादसा टल गया।
दो बार की गेट खोलने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, मऊ जनपद के दक्षिण टोला निवासी मोहम्मद अदनान ने उड़ान भरने के मात्र 15 मिनट बाद ही पहली बार इमरजेंसी एग्जिट से छेड़छाड़ की थी, जिसे क्रू मेंबर्स ने समझाकर शांत करा दिया। लेकिन रात करीब 10:20 बजे, जब विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने ही वाला था, आरोपी ने दोबारा गेट खोलने के लिए बटन दबा दिया।
खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत विमान को वापस हवा में खींच लिया और सुरक्षित ऊंचाई पर ले गए। करीब 15 मिनट बाद, रात 10:35 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सकी।
हैरान करने वाला बयान: “मुझ पर भूत का साया है”
सुरक्षित लैंडिंग के बाद आरोपी को सीआईएसएफ (CISF) और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने अजीबोगरीब दावा करते हुए कहा कि उस पर “भूत का साया” है। हालांकि, बाद में उसने सफाई दी कि वह गोवा से घूमकर लौट रहा था और उसे पता नहीं था कि बटन दबाने से दरवाजा खुल जाएगा।
फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इंडिगो के सुरक्षा प्रबंधक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं कि यह महज नादानी थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





