बिजली विभाग की तानाशाही के खिलाफ व्यापारियों का हल्लाबोल, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

SHARE:

कुशाग्र कौशल शर्मा 

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, सोनभद्र के बैनर तले आज व्यापारियों ने बिजली की बदहाल व्यवस्था और स्मार्ट मीटर की खामियों को लेकर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जनता और व्यापारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

स्मार्ट मीटर बना ‘सिरदर्द’, बिना सूचना कट रही बिजली

प्रदर्शन के दौरान संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का सबब बन गए हैं। अचानक बैलेंस जीरो दिखाकर बिना किसी पूर्व सूचना के आपूर्ति काट दी जा रही है।

नियम विरुद्ध वसूली: कौशल शर्मा ने आरोप लगाया कि पावर कॉरपोरेशन द्वारा स्मार्ट मीटर के लिए 30 मीटर आर्म्ड केबल देने का प्रावधान है, लेकिन अधिकारी ग्राहकों से खुद केबल मंगाकर लगा रहे हैं, जो पूरी तरह नियम विरुद्ध है।

तकनीकी खामियां: रिचार्ज अपडेट न होने और घंटों तक लाइन न जुड़ने की शिकायतों से उपभोक्ता त्रस्त हैं।

जर्जर तार और लटकते पोल दे रहे मौत को दावत

नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तारों का मकड़जाल और जर्जर खंभे हादसों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम ऊंचाई पर लटकते तार और खुले में रखे ट्रांसफार्मर बारिश के मौसम में जानलेवा साबित हो सकते हैं।

दोहरा मापदंड: गरीबों का कट रहा कनेक्शन, रसूखदारों पर मेहरबानी

जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल ने विभाग की भेदभावपूर्ण कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि महज 500 रुपये के बकाए पर छोटे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं, जबकि बड़े बकाएदारों और माननीयों को अबाध आपूर्ति मिल रही है। यह दोहरा मापदंड किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन

संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता ओ.पी. गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें समस्याओं का मांग पत्र सौंपा। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सरकार के प्रयासों के बावजूद अधिकारी जनहित के कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं।

प्रमुख मांगें और शिकायतें:

झटपट योजना: जिला उपाध्यक्ष विनोद जायसवाल और अमित केसरी ने बताया कि झटपट योजना में आवेदन करने पर बेवजह की आपत्तियां लगाई जा रही हैं।

सोलर पैनल: रवि जायसवाल ने कहा कि सोलर उपभोक्ताओं की पैदा की गई बिजली का सही समायोजन नहीं हो रहा है।

गलत बिलिंग: नागेंद्र मोदनवाल ने आरोप लगाया कि 2 साल से कटे हुए कनेक्शनों के भी बिल लगातार भेजे जा रहे हैं।

हेल्पलाइन फेल: जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह ने बताया कि 1912 टोल-फ्री नंबर पर शिकायत करने पर ‘सुविधा क्षेत्र में उपलब्ध नहीं है’ का जवाब मिलता है।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल

इस दौरान मुख्य रूप से कौशल शर्मा, प्रितपाल सिंह, प्रशांत जैन, शरद जायसवाल, जसकीरत सिंह, रवि जायसवाल, राजू जायसवाल, धर्मेंद्र प्रजापति, अमित केसरी, विनोद जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल सहित भारी संख्या में व्यापारी और संगठन के सदस्य मौजूद रहे।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now