सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज में शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर बुधवार को नगर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। खासकर मुख्य चौक स्थित शीतला माता मंदिर में महिलाओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु महिलाएं सुबह जल्दी उठकर स्नान-ध्यान के बाद मंदिर पहुंचीं और माता शीतला की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने मंदिर में हल्दी का लेप लगाकर चना, बताशा, दही, गुड़ तथा अन्य प्रसाद अर्पित कर माता से परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए। कई श्रद्धालु अपने घरों से बासी भोजन का प्रसाद लेकर भी माता को अर्पित करने पहुंचे।
मंदिर के पुजारी राहुल शुक्ला ने बताया कि शीतला अष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस दिन माता शीतला की पूजा करने से घर-परिवार में सुख-शांति बनी रहती है और माता की कृपा से रोग-व्याधियों से रक्षा होती है। उन्होंने बताया कि इस दिन विशेष रूप से ठंडे या बासी भोजन का भोग लगाया जाता है, जिसे ‘बसोड़ा’ भी कहा जाता है। शीतला अष्टमी के अवसर पर मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग भी देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ माता शीतला की आराधना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.






