Sonbhadra News : झाड़ी में फूल तोड़ने गई छह वर्षीय छात्रा को सांप ने डसा, दो दिन बाद मौत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । घर लौटते समय सड़क किनारे झाड़ी से फूल तोड़ना छह वर्षीय मासूम के लिए जानलेवा साबित हुआ। झाड़ी में छिपे सांप के डसने से घायल छात्रा की दो दिन बाद शुक्रवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर गांव निवासी सलाहुद्दीन की छह वर्षीय पुत्री सफीना प्राथमिक विद्यालय बड़होर प्रथम में कक्षा एक की छात्रा थी। गुरुवार को स्कूल से घर लौटते समय वह सड़क किनारे लगी झाड़ी से फूल तोड़ने लगी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह झाड़ी में गिर गई, जहां छिपे सांप ने उसे डस लिया।

सर्पदंश के बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए। हालांकि, शुक्रवार शाम अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम –

छह वर्षीय सफीना की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना ग्राम प्रधान को भी दी गई। शनिवार सुबह मृतका के पिता ने बभनी थाने में तहरीर देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

अरसूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now