ओबरा (सोनभद्र)। जुगैल थाना क्षेत्र के गरदा टोला में एक आदिवासी किसान की जानकारी और सहमति के बिना उसकी जमीन बंधक रखकर छह लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण स्वीकृत कराए जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित किसान 21 नवंबर को अपनी जमीन की खतौनी निकलवाने के लिए जनसेवा केंद्र पहुंचा और राजस्व अभिलेख में बैंक ऋण की प्रविष्टि देखकर दंग रह गया। मामले को लेकर पीड़ित ने रविवार को जुगैल थाने में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गरदा टोला निवासी पीड़ित किसान लाल बहादुर बैगा का आरोप है कि डाला स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में कार्यरत एक कलेक्शन एजेंट ने कुछ बैंककर्मियों की कथित मिलीभगत से फर्जी दस्तावेजों के सहारे उसकी जमीन को ऋण के एवज में बंधक दिखा दिया है। पीड़ित के अनुसार उसने न तो कभी किसी ऋण के लिए आवेदन किया था और न ही अपनी जमीन बंधक रखने की कोई सहमति दी थी। खतौनी निकलवाने के बाद जब उसने छानबीन की तो पता चला कि उसकी भूमि पर छह लाख रुपये का केसीसी ऋण स्वीकृत है। किसान ने पुलिस से अपनी जमीन को फर्जी ऋण के दायित्व से मुक्त कराने की गुहार लगाई है। इस संबंध में ओबरा क्षेत्राधिकारी प्रभात राय ने बताया कि ग्रामीणों से मिली शिकायतों के आधार पर पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Harsh Vardhan
हर्षवर्धन नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी) में सोनभद्र जनपद के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों का अनुभव रखने वाले हर्षवर्धन जिले के एक सक्रिय और जमीनी पत्रकार हैं, जो स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाते हैं। पत्रकारिता में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (एमजे) की डिग्री हासिल कर चुके हर्षवर्धन ने अपने करियर के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के विभिन्न मंचों पर जिला संवाददाता और ब्यूरो चीफ की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने इंडिया न्यूज, भारत एकता टाइम्स, क्रांति दूत, स्टैंडर्ड न्यूज़ और संस्कृति लाइव मीडिया जैसे संस्थानों के साथ भी काम किया है।






