आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोनभद्र रेलवे स्टेशन से पूर्व 168/17 नंबर खंभे के पास व्यक्ति का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोमो-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जेब की तलाशी में मिले कई आधार कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड –
मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जब जीआरपी ने उसकी जेब की तलाशी ली तो एक पर्स बरामद हुआ। इसमें कई आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और एक बंद मोबाइल फोन मिला। बरामद दस्तावेजों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि मृतक बिहार का निवासी और मजदूर हो सकता है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
शिनाख्त में जुटी जीआरपी, हादसा या कुछ और जांच का विषय –
जीआरपी बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन के जरिए मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति ट्रेन की चपेट में किन परिस्थितियों में आया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





