आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व चैती छठ का शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत समापन हो गया। भोर होते ही जिले के 188 छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रॉबर्ट्सगंज, चोपन, ओबरा समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा राष्ट्र की खुशहाली की कामना की। चार दिनों तक चले इस कठिन व्रत के अंतिम दिन घाटों पर उमंग, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से नहाय-खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाएं सूर्योदय से काफी पहले ही परिवार के सदस्यों के साथ सूप और टोकरी में पूजन सामग्री, ऋतु फल, कंद-मूल तथा विभिन्न प्रकार के पकवान लेकर घाटों पर पहुंचने लगी थीं। छठी मइया के पारंपरिक गीतों के बीच व्रतियों ने नदियों, नहरों और पोखरों में स्नान कर कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा की। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने गाय के दूध और पवित्र जल से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारंपरिक समापन हो गया।

भक्ति गीतों और आतिशबाजी से गुलजार रहे घाट –
छठ घाटों पर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से व्रतियों की सुविधा के लिए गाय के दूध, चाय और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर बज रहे छठ के पारंपरिक भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं की टोलियां छठी मइया के गीत गाती नजर आईं। वहीं, सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते ही युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की गूंज और आसमान में बिखरी रंग-बिरंगी रोशनी ने छठ की छटा को और आकर्षक बना दिया। वहीं रॉबर्ट्सगंज के अशोक नगर स्थित अकड़हवा पोखरे पर सदर विधायक भूपेश चौबे ने भी अर्घ्य देकर सूर्य देव से जनपदवासियों के सुख समृद्धि की कामना की।
गाजे-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचे श्रद्धालु –
रॉबर्ट्सगंज के शाहगंज रजवाहा, रामसरोवर तालाब, अकड़हवा पोखरा समेत अन्य छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कई स्थानों पर व्रती और उनके परिजन ढोल-नगाड़ों तथा गाजे-बाजे के साथ घाटों तक पहुंचे। महिलाएं लाल और पीले वस्त्रों में सजी-धजी पूजन सामग्री से भरे सूप लेकर पहुंचीं तो बच्चों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। ढोल की थाप पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्सव का आनंद लिया। युवतियों की टोलियां घाटों पर सेल्फी लेकर इस पावन पर्व की यादों को कैमरे में कैद करती नजर आईं।
सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा पुलिस-प्रशासन –
छठ घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख घाटों के साथ ही आवागमन वाले मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। पन्नूगंज मार्ग, रामसरोवर तालाब और अन्य प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मी घाटों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते रहे। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा भी विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। शांतिपूर्ण माहौल में अर्घ्य संपन्न होने के साथ ही जिले में चैती छठ महापर्व का समापन हो गया।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





