आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बाल दिवस का उत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नन्हे बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को सामने लाने का मंच भी बना। घोरावल ब्लॉक के मॉडल स्मार्ट स्कूल जमगांव और चोपन ब्लॉक के मॉडल स्मार्ट स्कूल गड़ईडीह में शिक्षा-शिव नाडर फाउंडेशन की ओर से बाल दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हें खरगोश की दौड़, रंगों की दुनिया प्रतियोगिता और मूवी स्क्रीनिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। नन्हें खरगोश की दौड़ में बच्चों की फुर्ती और उत्साह देखते ही बना, वहीं रंगों की दुनिया प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक हुनर से सभी का ध्यान आकर्षित किया। मूवी स्क्रीनिंग के माध्यम से भी बच्चों को मनोरंजन के साथ सीखने का अवसर मिला।
प्रतियोगिताओं में कक्षा एक की नन्हें खरगोश की दौड़ में जिशान ने प्रथम, अभिराज ने द्वितीय और प्रियंका ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी कक्षा की रंगों की दुनिया प्रतियोगिता में अंशिका प्रथम, एहसान द्वितीय और प्रज्ञा तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं कक्षा दो की रंगों की दुनिया प्रतियोगिता में सत्यम ने प्रथम, कृष्णा ने द्वितीय और वारिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नन्हें खरगोश की दौड़ में कृष्णा प्रथम, शकीना द्वितीय और सत्यम तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम के आयोजक मनोज विश्वकर्मा और रंजना विश्वकर्मा रहे, जबकि निर्णायक की भूमिका राजकुमार सिंह और रेवती रमण पाठक ने निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार सिंह ने विजेता बच्चों को पेंसिल किट और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राम प्रसाद, सरिता पाठक और किरन पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






