Sonbhadra News : ₹4.89 करोड़ से बने सैनिक कल्याण भवन का सीएम योगी ने किया लोकार्पण

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जनपद के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अब सैनिक कल्याण विभाग से जुड़ी सुविधाओं के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी। लंबे समय से प्रतीक्षित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन एवं विश्राम गृह बनकर तैयार हो गया है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान सोनभद्र समेत प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित सैनिक कल्याण भवनों एवं विश्राम गृहों का वर्चुअल लोकार्पण किया। सोनभद्र में इस भवन का निर्माण 4 करोड़ 89 लाख 39 हजार रुपये की लागत से कराया गया है।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में लोकार्पण समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता रामकृष्ण द्विवेदी और अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और लोकार्पण कार्यक्रम के साक्षी बने।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक रामवर्धन, सूबेदार मानिकचंद, पूर्व सैनिक प्रेमनाथ कुशवाहा तथा स्वर्गीय केदारनाथ की पत्नी राजकुमारी देवी समेत अन्य पूर्व सैनिक और उनके परिजन शामिल रहे।

आठ जनपदों में 27.45 करोड़ से तैयार हुए भवन –

सैनिक कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के आठ जनपदों औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संतकबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भवन एवं विश्राम गृहों का निर्माण कराया गया है। इन सभी परियोजनाओं पर कुल 27 करोड़ 45 लाख 23 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें सोनभद्र के भवन पर 4 करोड़ 89 लाख 39 हजार रुपये की धनराशि व्यय हुई है।

पूर्व सैनिकों को मिलेगी बड़ी सहूलियत –

नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह से जनपद के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को विभागीय कार्यों के निस्तारण, कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और विभिन्न सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी। अब उन्हें बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ विभागीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण से जुड़ी इस परियोजना को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। हालांकि, भवन के लोकार्पण के बाद अब इसकी वास्तविक उपयोगिता इस बात पर निर्भर करेगी कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को यहां विभागीय सुविधाएं कितनी सुगमता और समयबद्ध तरीके से मिल पाती हैं।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now