लखनऊ। राजधानी के तालकटोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजाजीपुरम के डी ब्लॉक स्थित एक मकान में रविवार को चंगाई सभा की आड़ में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण कराए जाने का गंभीर मामला सामने आया है, जिसके बाद इलाके में भारी हंगामा और तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है, जिसके बाद हिंदू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। बजरंग दल के जिला सह-संयोजक अनुज शर्मा के अनुसार, यह मकान एक पुलिसकर्मी का है जिसे कुछ समय पहले एक फादर और उनके बेटे ने किराए पर लिया था। मकान के अगले हिस्से में एक निजी क्लीनिक संचालित होती है, जबकि पीछे बने बड़े हॉल में यह प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि सभा के दौरान लोगों को गंभीर बीमारियों से मुक्ति दिलाने और टोना-टोटका से राहत दिलाने का लालच दिया जाता था, और रविवार को करीब 120 लोगों का सामूहिक रूप से धर्मांतरण कराने की तैयारी चल रही थी।
जब हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो वहां भारी भीड़ मौजूद थी और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्यकर्ताओं का यह भी आरोप है कि सभा के भीतर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया जा रहा था, और जब इसका विरोध किया गया तो उनके साथ हाथापाई करते हुए मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। हंगरी की इस सूचना पर तालकटोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। इस मामले को लेकर अनुज शर्मा ने थाने में विधिवत तहरीर दी है, जिसमें यह भी बताया गया कि संबंधित फादर करीब तीन साल पहले राजाजीपुरम के ही एफ ब्लॉक में एक मैरिज लॉन और अन्य स्थानों पर इसी तरह की सभाओं का आयोजन करते थे, जिनका तब भी विरोध किया गया था। उधर, इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे ने इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल चुकी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि तमिलनाडु के रामनाथपुरम निवासी एक फादर अपने आवास पर आसपास के लोगों के साथ प्रार्थना करते थे, और अब साक्ष्यों व तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





