Sonbhadra News : त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, बाजारों की सुरक्षा से लेकर यातायात तक पर रहेगी पैनी नजर

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• दुकानों पर सीसीटीवी दुरुस्त रखने और अतिक्रमण से बचने की हिदायत

• पुलिसकर्मियों को बाजारों में लगातार गश्त करने का आदेश

सोनभद्र । त्योहारों का उल्लास शांति और सौहार्द के बीच कायम रहे, इसके लिए सोनभद्र पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बाजारों में भीड़भाड़, यातायात की समस्या और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अभी से चौकसी शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज परिसर में व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रणनीति बनाई गई। सीओ सिटी ने व्यापारियों से कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की भी अहम भूमिका है। सभी लोग आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी तरह की अफवाह या विवाद को बढ़ावा न दें।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और बाजारों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा। किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने की हिदायत भी दी।

दुकानों के बाहर अतिक्रमण मिला तो होगी परेशानी

व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने और उनकी नियमित निगरानी करने को कहा गया। साथ ही दुकानों के सामने अनावश्यक अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई, ताकि बाजारों में आवागमन बाधित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

पुलिस प्रशासन का जोर इस बात पर है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा का माहौल कायम रहे और आम लोगों को खरीदारी तथा आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। सोनभद्र पुलिस ने नागरिकों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now