आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• बस के इंतजार में खड़ी दोनों बहनों को युवक ने दुद्धी छोड़ने का दिया था भरोसा
• अस्पताल में मौत की खबर मिलते ही मचा कोहराम
सोनभद्र । दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के कनहर पुल के समीप पुराने बैरियर के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में एक किशोर को भी चोटें आईं। बताया जा रहा है कि बाइक सवार ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरखोहरा गांव निवासी अंजलि अपनी 22 वर्षीय बहन सीमा कुमारी को इलाज के लिए दुद्धी लेकर आ रही थी। दोनों बहनें रास्ते में बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान गांव के ही धर्मेंद्र कुमार (25वर्ष) और दीपक कुमार (17वर्ष) वहां पहुंच गए। दोनों किसी काम से दुद्धी जा रहे थे। धर्मेंद्र ने दोनों बहनों को बाइक से दुद्धी पहुंचाने की बात कही। शुरुआत में अंजलि ने साथ जाने से मना कर दिया, लेकिन बस आने में देरी की आशंका को देखते हुए दोनों बहनें बाइक से जाने के लिए तैयार हो गईं।
इसके बाद चारों एक ही बाइक पर सवार होकर दुद्धी के लिए रवाना हो गए। बताया जाता है कि कनहर पुल से आगे पुराने बैरियर के पास धर्मेंद्र ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचते ही युवक को मृत किया घोषित –
हादसे के बाद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाई और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ0 मनोहर ने जांच के बाद धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंजलि और सीमा कुमारी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। किशोर दीपक कुमार को हल्की चोटें आईं।
मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में मचा कोहराम –
धर्मेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और अस्पताल परिसर में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची दुद्धी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





