सोनभद्र में 4 हजार शिक्षकों के दस्तावेजों की होगी जांच: बीएसए ने दिए निर्देश, हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुआ सत्यापन अभियान

SHARE:

सोनभद्र। जनपद के बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों और नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया जिले में तेजी से शुरू कर दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मुकुल आनंद पांडेय ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विकास खंड के सभी शिक्षकों के प्रपत्रों की एक-एक प्रति अपने कार्यालय में जमा कराएं, जिन्हें इसके बाद बीएसए कार्यालय में उपलब्ध कराया जाएगा ताकि उनकी वैधता की गहन जांच की जा सके। दरअसल, एक ही प्रमाण पत्र के आधार पर कई शिक्षकों की नियुक्ति का गंभीर मामला सामने आने के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेशभर के सभी शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी के आदेशों का पालन करते हुए सोनभद्र में यह कार्रवाई शुरू की गई है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 1,879 प्राथमिक और 778 उच्च प्राथमिक परिषद विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें चार हजार से अधिक शिक्षक अध्यापन कार्य संभाल रहे हैं। इन सभी शिक्षकों को अपने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी, डीएलएड, बीएलएड, टीईटी, सीटीईटी और नियुक्ति से जुड़े समस्त मूल व अन्य दस्तावेजों की प्रतियां बीईओ कार्यालय में जमा करनी होंगी। इसके साथ ही प्रत्येक शिक्षक के लिए नोटरी से सत्यापित एक शपथपत्र देना भी अनिवार्य किया गया है, जिसमें उन्हें विभाग में कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त अपने सभी निकट संबंधियों—जैसे पति-पत्नी, माता-पिता, पुत्र-पुत्रवधू, दामाद-बेटी, सास-ससुर, साला-बहनोई, साली-ननद और चचेरे, फुफेरे व ममेरे भाई-बहनों सहित अन्य सभी रिश्तेदारों का पूरा विवरण देना होगा; और यदि परिवार या रिश्तेदारी का कोई भी सदस्य इस विभाग में कार्यरत नहीं है, तो शपथपत्र में इस बात का स्पष्ट उल्लेख करना भी अनिवार्य किया गया है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now