Sonbhadra News : बच्चों-बुजुर्गों समेत 10 लोगों पर सियार ने किया हमला, गांव में दहशत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जंगलों से निकलकर आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहे जंगली जानवर अब ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने लगे हैं। रविवार को चोपन थाना क्षेत्र के सरपटवा में एक सियार ने सुबह से लेकर देर रात तक लोगों पर हमला कर दहशत फैला दी। बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं समेत करीब 10 लोग सियार के हमले में घायल हो गए। अचानक हुए हमलों से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगाकर उन्हें घर भेज दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण के मुताबिक, वह अपने परिवार और बच्चों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान सियार ने अचानक उनके बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे को बचाने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़े, सियार ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में बच्चा और उसके पिता दोनों घायल हो गए। सियार ने बच्चे की पीठ और पैर में काट लिया, जबकि पिता के हाथ, उंगलियों और मुंह पर हमला किया। जख्मों से लगातार खून निकलने लगा। इसके बाद आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया

ग्रामीण ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने सबसे पहले घाव को अच्छी तरह साफ करने की सलाह दी। इसके बाद जरूरी उपचार और इंजेक्शन लगाया गया। सियार के लगातार हमलों की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। लोगों को अब बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।

देर रात तक अस्पताल पहुंचते रहे घायल –

सीएचसी चोपन में तैनात डॉ0 फैज ने बताया कि “रविवार को देर रात तक सियार के काटने के करीब 10 मामले अस्पताल पहुंचे। सभी घायल चोपन थाना क्षेत्र के सरपटवा इलाके के रहने वाले बताए गए हैं। उनके अनुसार, लोगों का एक समूह कहीं घूमने के लिए एक साथ जा रहा था। इसी दौरान सियार ने अचानक हमला कर दिया। हमले से बचने और एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में कई लोग घायल हो गए। डॉ0 फैज ने बताया कि किसी भी घायल की स्थिति गंभीर नहीं थी। सभी को आवश्यक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह देकर घर भेज दिया गया। रविवार को अस्पताल में कुत्ते और बिल्ली के काटने के मामले भी सामने आए।”

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now