आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । संगीत की धुन, रंग-बिरंगे परिधानों और गरबा की थाप पर थिरकने के लिए जनपदवासी तैयार हो जाएं। शहर में 27 अक्टूबर को ‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ के रूप में उत्साह और उमंग से भरी शाम सजने जा रही है। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए आयोजक महिलाओं की टीम जुटी हुई है। इस बार दिल्ली की एंकर आकृति जी और डीजे बाबू अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगे। आयोजन को लेकर रविवार को होटल श्री श्याम पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की।
श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल और मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा के बैनर तले आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की आयोजन व्यवस्था और वित्तीय सहयोग की जिम्मेदारी इस वर्ष मारवाड़ी महिला कमेटी संभालेगी। आयोजकों का कहना है कि इस बार पिछले सीजन के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को और बेहतर, व्यवस्थित तथा आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।
महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना उद्देश्य –
कार्यक्रम की संस्थापक एवं श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की अध्यक्ष एडवोकेट अनीता थरड ने बताया कि “जनपद में राजस्थानी गरबा की शुरुआत शहर में गुजरात के बड़े शहरों की तर्ज पर भव्य आयोजन करने के उद्देश्य से की गई थी। इसका मकसद महिलाओं, बहनों और बेटियों को ऐसा सुरक्षित एवं सहज माहौल उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी झिझक के गरबा का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए तीनों संस्थाओं की महिलाएं महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करना चाहती हैं। महिलाओं ने एकजुटता और टीम भावना के बल पर यह साबित करने का प्रयास किया है कि घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ बड़े आयोजनों को भी सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है।”
पहले सीजन की सफलता से बढ़ा उत्साह –
मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया ने बताया कि “पिछले वर्ष आयोजित गरबा के पहले सीजन को लोगों का भरपूर प्यार और सहयोग मिला था। प्रतिभागियों ने जहां गरबा का आनंद उठाया, वहीं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की भी सराहना की। लोगों का संतुष्ट होकर लौटना आयोजन से जुड़ी पूरी महिला टीम के लिए गर्व की बात रही। उन्होंने पहले सीजन की सफलता का श्रेय श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल, मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा और सभी सहयोगियों को देते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इसी उत्साह और लोगों के भरोसे के साथ इस बार आयोजन को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।”
नौ सदस्यीय कमेटी संभालेगी जिम्मेदारी –
पिछले आयोजन के दौरान सामने आई चुनौतियों को देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए नौ सदस्यीय मारवाड़ी महिला कमेटी आगे आई है। कमेटी आयोजन और वित्तीय सहयोग की जिम्मेदारी संभालेगी, जबकि कार्यक्रम पूर्व की तरह दोनों संस्थाओं के बैनर तले आयोजित होगा।
कमेटी में एडवोकेट अनीता थरड, सुनीता झुनझुनवाला, रितु जालान, ममता जालान, मीरा जालान, सविता चौधरी, शीला जैन, शिप्रा झुनझुनवाला और दीप्ति केडिया शामिल हैं। रितु जालान ने कहा कि सभी सदस्यों का प्रयास इस बार कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित बनाने का है। उन्हें विश्वास है कि सभी के सामूहिक प्रयास से आयोजन को नई ऊंचाई मिलेगी।
अनलिमिटेड फूड के साथ पांच घंटे चलेगा कार्यक्रम –
‘सोनभद्र राजस्थानी गरबा सीजन-2’ का आयोजन 27 अक्टूबर, मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित डीआर ड्रीम्स बैंक्वेट में शाम पांच बजे से रात दस बजे तक होगा। दिल्ली की एंकर आकृति जी और डीजे बाबू कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। संगीत, नृत्य और रंगों से सजी इस शाम को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, चौधरी कैटर्स की ओर से विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के साथ अनलिमिटेड फूड की व्यवस्था भी रहेगी।
शहरवासियों से सहभागिता की अपील –
मारवाड़ी महिला कमेटी की सदस्य शीला जैन ने शहरवासियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सोनभद्रवासियों का भरपूर सहयोग मिलेगा और गरबा की यह शाम संगीत, उमंग तथा आपसी मेलजोल का यादगार अवसर बनेगी।
प्रेस वार्ता में श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की कोषाध्यक्ष मीरा जालान, सचिव पूनम खैतान तथा मारवाड़ी युवा मंच सोन महिला शाखा की अध्यक्ष सुनीता सवारिया, कोषाध्यक्ष पूनम केडिया और सचिव चित्रा जालान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





