Sonbhadra News : कोलकाता हादसे के बाद सोनांचल में प्रशासन अलर्ट, सड़क पर उतर डीएम व एसपी ने परखी व्यवस्था

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद उत्तर प्रदेश में भी प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद सोनभद्र जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। त्योहार की रौनक के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसे लेकर रविवार को जिले के आला अधिकारी सड़कों पर उतरे। जिलाधिकारी चर्चित गोंड और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस बल के साथ नगर में पैदल मार्च कर दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा, बिजली के तारों और अस्थायी कनेक्शनों की स्थिति के साथ ही भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन निकास मार्गों की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने पूजा समितियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन सख्त –

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी पुलिस कमिश्नरों, जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वारों की स्थिति तथा आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गोंड, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, एसडीएम सदर आशीष कुमार त्रिपाठी, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा और मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी ने पुलिस बल के साथ नगर में पैदल मार्च किया। अधिकारियों ने पूजा पंडाल समितियों के सदस्यों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को गंभीरता से लेने की हिदायत दिया। वहीं पैदल मार्च के बाद डीएम और एसपी ने नगर स्वर्ण जयंती चौक पर स्थित पुलिस बूथ में स्थापित कंट्रोल रूम से पूरे नगर और पूजा पंडालों की स्थिति भी जांची।

आग से बचाव और सुरक्षित निकास पर विशेष जोर –

पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आग से बचाव के इंतजाम और भीड़ के सुरक्षित आवागमन को महत्वपूर्ण बताया गया। आयोजकों को बिजली की वायरिंग में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने, ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल में सावधानी बरतने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रवेश और निकास मार्गों को बाधामुक्त रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था में न हो कोई चूक –

जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा कि “दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी पूजा पंडाल समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। अग्नि सुरक्षा, बिजली व्यवस्था और आपातकालीन निकास मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने आयोजकों से प्रशासनिक निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की।”

भीड़ प्रबंधन और सतर्कत पर रहेगी विशेष नजर –

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि “दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पंडालों में भीड़ के व्यवस्थित आवागमन, प्रवेश एवं निकास मार्गों और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूजा समिति के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस बल को भी सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।”

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now