आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नवरात्रि की पावन बेला में जब मां दुर्गा की पूजा-अर्चना का माहौल पूरे जिले में छाया हुआ है, उसी के साथ आज जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का नया अध्याय भी जुड़ गया। महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों की चौखट पर भटकना न पड़े और उनकी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक सीधे पहुंचे, इसके लिए शनिवार को जिले की चारों तहसीलों में विशेष पिंक संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। रॉबर्ट्सगंज तहसील में मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं। जिले की चारों तहसीलों में कुल 209 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 33 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इनमें महिलाओं से संबंधित 18 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।
महिलाओं की शिकायतों पर प्राथमिकता से हो कार्यवाही –
रॉबर्ट्सगंज तहसील में आयोजित पिंक संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने दिए स्थलीय जांच के निर्देश –
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि पिंक संपूर्ण समाधान दिवस महिलाओं की समस्याओं को सुनने और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण पहल है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाए। जिन मामलों का निस्तारण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए, जबकि स्थलीय जांच की आवश्यकता वाले मामलों में संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर –
नवरात्रि के दौरान मिशन शक्ति 6.0 के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अपनी बात रखने का अवसर देने के साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और प्रशासनिक व्यवस्था में उनकी पहुंच को अधिक प्रभावी बनाना है। पिंक समाधान दिवस में महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देने के साथ उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






