Sonbhadra News : राशन लेने के लिए मोबाइल खरीदना जरूरी नहीं, जिला पूर्ति अधिकारी ने दूर किया भ्रम

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । सरकारी राशन लेने के लिए अब मोबाइल खरीदना पड़ेगा, ऐसी किसी भी अफवाह या भ्रम में आने की जरूरत नहीं है। जिले के अंत्योदय और पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थियों को राहत देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि राशन प्राप्त करने के लिए मोबाइल खरीदना अनिवार्य नहीं है। विभाग की ओर से ओटीपी आधारित राशन वितरण की व्यवस्था केवल उन पात्र लाभार्थियों के लिए है, जिनका किसी भी कारण से आधार प्रमाणीकरण संभव नहीं हो पाता और जिनका मोबाइल नंबर विभागीय पोर्टल पर पहले से पंजीकृत है। यह व्यवस्था भी कोई नई पहल नहीं, बल्कि वर्ष 2017 से प्रदेश में लगातार लागू है।

ई-पॉस मशीन से आधार प्रमाणीकरण के बाद मिलता है राशन –

जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने बताया कि उचित दर दुकानों पर ई-वेइंग स्केल से जुड़ी ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण कराकर लाभार्थियों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जाता है। इसके लिए लाभार्थी का बायोमेट्रिक लेकर उसका मिलान यूआईडीएआई सर्वर से किया जाता है। प्रमाणीकरण सफल होने पर राशनकार्ड में अनुमन्य खाद्यान्न निर्धारित मात्रा के अनुसार तौलकर उपलब्ध कराया जाता है। यदि पहली बार बायोमेट्रिक मिलान सफल नहीं होता है, तो उसी दिन दो बार और प्रयास करने की सुविधा है। तीनों प्रयास विफल होने पर आइरिस स्कैन के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण का प्रयास किया जाता है। इसके बाद भी प्रमाणीकरण सफल नहीं होने पर राशनकार्ड में शामिल किसी अन्य सदस्य के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद्यान्न प्राप्त किया जा सकता है।

वृद्धों और दिव्यांगों के लिए ओटीपी आधारित वितरण की सुविधा –

जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता के मुताबिक, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 की मूल भावना के अनुरूप किसी भी पात्र लाभार्थी को खाद्यान्न से वंचित न रखने के लिए मोबाइल ओटीपी आधारित वितरण की व्यवस्था भी की गई है। यह सुविधा विशेष रूप से ऐसे लाभार्थियों के लिए है, जो वृद्धावस्था, दिव्यांगता अथवा कुष्ठ रोग जैसी परिस्थितियों के कारण बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और आइरिस स्कैन कराने में असमर्थ हैं। ऐसे लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक वितरण चक्र के अंतिम दिन ओटीपी आधारित खाद्यान्न वितरण की सुविधा दी जाती है। हालांकि, इसका लाभ उन्हीं राशनकार्ड धारकों को मिलता है, जिनका मोबाइल नंबर विभागीय पोर्टल पर ओटीपी आधारित वितरण के लिए पहले से पंजीकृत है।

सितंबर में 83 हजार राशनकार्डों पर ओटीपी से हुआ वितरण –

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि सितंबर 2026 में प्रदेश में कुल 3,41,69,420 राशनकार्डों पर खाद्यान्न वितरित किया गया। इनमें से केवल 83,093 राशनकार्डों पर ओटीपी आधारित वितरण हुआ। यह कुल वितरण के मुकाबले बेहद कम संख्या है। उन्होंने जिले के समस्त अंत्योदय और पात्र गृहस्थी योजना के कार्डधारकों से अपील की कि खाद्यान्न प्राप्त करने के लिए मोबाइल खरीदने की कोई आवश्यकता नहीं है। ओटीपी आधारित वितरण की सुविधा केवल निर्धारित पात्रता वाले लाभार्थियों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now