Sonbhadra News : औद्योगिक विकास को लगेंगे पंख, जिले में ₹290.50 करोड़ से बनेंगी 13 सड़कें, चुर्क में दो फोरलेन का प्रस्ताव

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के साथ ही आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए 290.50 करोड़ रुपये की लागत से 13 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत प्रस्तावित इन सड़कों से औद्योगिक इकाइयों तक माल की आवाजाही आसान होने के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर चुर्क सीमेंट फैक्ट्री तक भारी वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए दो फोरलेन लिंक रोड बनाने की योजना है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सड़कों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि औद्योगिक जरूरतों और स्थानीय लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण की योजना तैयार की गई है। इसके तहत किरहुलिया से महुली विहार बॉर्डर तक 12 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 47.76 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, चेरुई से मारकुंडी जूनियर हाईस्कूल तक 6.4 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 24.32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। खड़िया से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग तक आठ किलोमीटर सड़क भी प्रस्तावित है, जिसके निर्माण पर 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

चुर्क में दो फोरलेन लिंक रोड बनाने की योजना –

औद्योगिक परिवहन को सुगम बनाने के लिए चुर्क क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण फोरलेन लिंक रोड बनाने का प्रस्ताव है। इसमें 4.9 किलोमीटर लंबी चुर्क सीमेंट फैक्ट्री लिंक रोड के निर्माण पर 49.95 करोड़ रुपये और 4.84 किलोमीटर लंबी चुर्क-भिलाई बंधी रोड पर 49.85 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन सड़कों के बनने से सीमेंट फैक्ट्री तक भारी वाहनों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही माल ढुलाई में लगने वाले समय और परिवहन संबंधी परेशानियों में कमी आने की उम्मीद है।

पटवध-बसुहारी मार्ग पर खर्च होंगे 58.88 करोड़ –

प्रस्तावित सड़कों में 31 किलोमीटर लंबा पटवध-बसुहारी मार्ग भी शामिल है। इसके निर्माण के लिए 58.88 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके अलावा बर्दिया लिंक रोड के लिए 12 करोड़ रुपये, बिल्ली मारकुंडी स्थित तेज स्टोन क्रेशर प्लांट से विजय आईटीआई तक सड़क निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये तथा मीना बाजार घुरमा फीडर से मारकुंडी के कुनियांव टोला तक 7.5 किलोमीटर सड़क के लिए 15.99 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।

डाला क्षेत्र में भी सड़क संपर्क मजबूत करने की योजना बनाई गई है। यहां एक किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये और बग्गा नाला से डिग्री कॉलेज रोड तक करीब 3.5 किलोमीटर सड़क के लिए 80 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, नधिरा से बखिरवा तक 10 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1.60 करोड़ रुपये तथा ओबरा में एक अन्य सड़क के निर्माण के लिए 35 लाख रुपये प्रस्तावित हैं।

चार प्रस्तावों को मिल चुकी वित्तीय स्वीकृति –

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पूर्व में भेजे गए सड़क निर्माण के चार प्रस्तावों को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि एक अन्य प्रस्ताव स्वीकृति की प्रक्रिया में है। वित्तीय स्वीकृति प्राप्त सड़कों का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now